Headlines

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि संवेदनशील मामलों में राजनीति करना कांग्रेस की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि संवेदनशील मामलों में राजनीति करना कांग्रेस की नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

रुद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस इस समय अंकिता को न्याय दिलाने की नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक जमीन और अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस का यह आंदोलन पीड़ित परिवार के हित में नहीं, बल्कि अपनी डूबती सियासत को बचाने का प्रयास है।
शनिवार को कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक संवेदनशील और हृदयविदारक घटना को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता धरना-प्रदर्शन के माध्यम से न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि आपसी शक्ति प्रदर्शन और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:   जरूरतमंदों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता, मुख्यमंत्री धामी ने 9.99 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई ₹148.18 करोड़ की पेंशन राशि

महापौर ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व अंकिता भंडारी के साथ जो दर्दनाक घटना घटी, उस पर धामी सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया और बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं पीड़ित परिवार के संपर्क में रहे और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए जांच प्रक्रिया में आवश्यक परिवर्तन भी किए गए। सरकार की पारदर्शी कार्यशैली के चलते यह मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर दोषियों को सजा दी गई और वे आज सलाखों के पीछे हैं।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बाद भी कांग्रेस द्वारा इस मामले को बार-बार उछालना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह न्यायपालिका का भी अप्रत्यक्ष रूप से अपमान है। अगर कांग्रेस के पास इस प्रकरण से जुड़े कोई ठोस सबूत थे, तो उन्हें जांच के दौरान संबंधित एजेंसियों या सरकार के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए था। अब विरोध प्रदर्शन कर जनता को भ्रमित करना अनुचित है।

ये भी पढ़ें:   एआई और डिजिटल तकनीक से और उपयोगी बनेगा ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’, मुख्यमंत्री धामी की बच्चों से संवाद बढ़ाने की पहल

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति करना निंदनीय है। आज भी यदि किसी के पास कोई नया तथ्य या प्रमाण है, तो उसे संवैधानिक और कानूनी माध्यम से प्रस्तुत किया जाना चाहिए, न कि सड़कों पर अराजकता फैलाकर। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पूरी मजबूती और ईमानदारी से कार्य कर रही है। सरकार की जनहितकारी नीतियों और निर्णायक नेतृत्व के कारण कांग्रेस लगातार राजनीतिक हाशिये पर जा रही है। हर चुनाव में कांग्रेस को पराजय का सामना करना पड़ रहा है और मुद्दाविहीन हो चुकी कांग्रेस अब बेबुनियाद आरोपों के सहारे खुद को जीवित रखने की कोशिश कर रही है। महापौर ने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार न केवल पहले अंकिता के परिवार के साथ खड़ी थी, बल्कि आगे भी हर स्तर पर न्याय और कानून के पक्ष में मजबूती से खड़ी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *